फोटो-37-साल्हेपुर में हादसे के बाद भीड़ लगी। संवाद
फतेहपुर/अमौली। जिले में मंगलवार को अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। हादसों के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
कानपुर के नरवल थाना क्षेत्र के नसड़ा निवासी खंचू सिंह (55) मंगलवार सुबह अपने साथी मनवीर सिंह तोमर को जाफरगंज थाना क्षेत्र के खूंटाझाल गांव में उनके रिश्तेदार के घर छोड़ने गए थे। वहां से लौटते समय दोपहर में चांदपुर थाना क्षेत्र के साल्हेपुर स्थित रामपुर कुर्मी मोड़ के पास अमौली की ओर से आ रहे ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और खंचू सिंह का सिर कुचलने से उनकी मौत हो गई। वह हेलमेट नहीं लगाए थे। हादसे के बाद चालक ट्रक को कुछ दूरी पर छोड़कर भाग निकला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की। खंचू की मौत से पत्नी आशा देवी का रो-रोकर बुरा हाल रहा। थानाध्यक्ष वृंदावन राय ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।
दूसरा हादसा कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर लोधीगंज के पास हुआ। कौशांबी जिले के पइंसा थाना क्षेत्र के भैरमपुर निवासी आकाश यादव (18) मंगलवार भोर अपने साथी अखंड कुमार के साथ ट्रैक्टर में धान लादकर बिंदकी मंडी बेचने जा रहा था। तभी पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैक्टर में टक्कर मार दी। हादसे में आकाश की मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया। कोतवाल हेमंत मिश्रा ने बताया कि ट्रक की तलाश की जा रही है।
उधर, कल्यानपुर थाना क्षेत्र के इटरौरा पिलखिनी गांव निवासी श्यामू सिंह उर्फ अमन कुमार (20) बाइक से मलवां की ओर जा रहे थे। मलवां कस्बे के ओवरब्रिज के पास ट्रक की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई। प्रभारी निरीक्षक रमाशंकर सरोज ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ट्रक की तलाश की जा रही है। इसके अलावा सदर कोतवाली क्षेत्र के गढ़ीवा स्थित वर्मा चौराहा निवासी शिवम बाइक की भिड़ंत में हरिहरगंज के पास घायल हो गए। वहीं, कल्यानपुर थाना क्षेत्र के मदोकीपुर निवासी गोपाल तिवारी की कार में चौडगरा की ओर से आते समय कल्यानपुर हाईवे पर गलत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में गोपाल तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गए और कार क्षतिग्रस्त हो गई।