नगर के पश्चिमी बाईपास जीटी रोड पर गुरुवार दोपहर बाद स्कूली मैजिक और कार की भिड़त में तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में दो किशोर एवं एक खादी भंडार का सेल्समैन बताया जाता है। इससे गुस्साए लोगों ने रास्ता जाम कर दिया। अफसरों एवं सपा जिलाध्यक्ष के समझाने- बुझाने पर करीब तीन घंटे बाद रास्ता खुला।
कस्बे में स्थित एपीएस कांवेंट स्कूल की मैजिक दोपहर 3.30 बजे छात्रों को छोड़कर टेनी गांव से लौट रही थी। रास्ते में टेनी गांव निवासी खादी भंडार के सेल्समैन श्रीनारायण शुक्ला (45), मंझटेनी गांव निवासी धर्मेंद्र (11) पुत्र अरविंद विश्वकर्मा, नई बाजार निवासी आशीष (15) पुत्र हीरालाल साहू मैजिक पर बैठ गए। मैजिक जीटी रोड पर पश्चिमी बाईपास के पास पहुंची थी कि सामने से आ रही कार से भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मैजिक के परखच्चे उड़ गए। कार खंती में जा गिरी। तेज धमाके की आवाज सुन आसपास के लोग जुट गए। मैजिक सवार तीनों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक नंदी गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं कार सवार मौके से फरार हो गए। कार सवारों के फरार होने से गुस्साए ग्रामीणों ने रास्ता जाम कर दिया। वे कार में तोड़फोड़ करने जा रहे थे कि मौके पर पुलिस पहुंच गई। रास्ता जाम होने से दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गई। इसकी सूचना पर एसडीएम बलराम सिंह, सीओ निवेश कटियार और सपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार यादव मौके पर पहुंचे। इन लोगों ने ग्रामीणों को समझा- बुझाकर करीब तीन घंटे बाद रास्ता खुलवाया। रास्ता खुलने के बाद भी हाइवे पर देर शाम तक जाम की स्थिति बनी रही।