हसवा। पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय माध्यमिक इंटर कॉलेज दनियालपुर में हाईस्कूल की परीक्षा में पकड़े गए साल्वर समेत 10 लोगों के खिलाफ पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की थी। इनमें तीन लोगों को हाईकोर्ट से अग्रिम जमानत मिल गई है। विवेचना थाने के क्राइम इंस्पेक्टर सुरजीत सिंह कर रहे हैं।
28 फरवरी को यूपी बोर्ड हाईस्कूल के गणित विषय की परीक्षा में परीक्षार्थी के स्थान पर साल्वर बैठकर परीक्षा दे रहे थे। निरीक्षण के दौरान पांच साल्वर पकड़े गए। केंद्र व्यवस्थापक राकेश कुमार सिंह की तहरीर पर 10 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
साल्वर गिरोह के मुख्य आरोपी ज्ञानेंद्र श्रीवास्तव, आदर्श इंटर कॉलेज थरियांव के प्रधानाचार्य नागेंद्र सिंह और डॉ. मेवा राम दिव्य ज्ञान इंटर कॉलेज मुराव के प्रधानाचार्य मेवाराम को हाईकोर्ट से सशर्त अग्रिम जमानत मिल गई है। नकल में पकड़े गए पांच साल्वर पहले ही जेल भेजे जा चुके हैं।
थरियांव थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह ने बताया कि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और पुलिस उनकी गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है। मामले में साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।