फोटो-01-गौरांग सचान (फाइल फोटो)
फोटो-02-मयंक सचान(फाइल फोटो)
फोटो-03-शिवम गुप्ता(फाइल फोटो)
- मृतकों में एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर, दूसरा एनएमडीसी में सहायक प्रबंधक, तीसरा शहर के बड़े कारोबारी का बेटा
- सगाई कार्यक्रम के बाद कार सवार दूसरे गांव दोस्त से मिलने जा रहे थे, शहर कोतवाली के भिटौर मार्ग पर हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
फतेहपुर। शहर कोतवाली क्षेत्र के भिटौरा मार्ग पर रविवार देर रात तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराने के बाद खंती में पलट गई। हादसे में फॉर्च्यूनर सवार तीन दोस्तों की मौत हो गई, जबकि एक घायल को रेफर किया गया है। फॉर्च्यूनर सवार सगाई कार्यक्रम के बाद दोस्त से मिलने जा रहे थे। पुलिस हादसे की वजह तेज रफ्तार बता रही है, जबकि परिजन मवेशी के सामने आ जाने से कार पलटने की बात कह रहे हैं।हादसे से तीनों परिवारों का हाल बेहाल है।
शहर के आबूनगर निवासी क्लीनिक संचालक संजय सचान के पुत्र मयंक सचान (27) नोएडा स्थित सॉफ्टवेयर कंपनी में इंजीनियर थे। उनकी आबूनगर स्थित एक मैरिज हाल में रविवार रात सगाई थी। मयंक की सगाई में उनके बचपन के दोस्त राधानगर निवासी शिवम गुप्ता (25), आवास विकास निवासी गौरांग सचान (27), पटेल नगर निवासी दिव्यांश गुप्ता (26), सिविल लाइन निवासी डॉ आरकेंद्र श्रीवास्तव (27) पहुंचे थे।
रविवार की रात करीब रात तीन बजे सगाई कार्यक्रम के बाद सभी दोस्त गौरांग की फॉर्च्यूनर से सहिमापुर गांव में रहने वाले दोस्त से मिलने जा रहे थे। करा गौरांग चला रहे थे।
शहर कोतवाली अंतर्गत भिटौरा मार्ग के मवइया मोड़ पर कार तेज रफ्तार में होने की वजह से पेड़ से टकराकर अनियंत्रित हो गई। हालांकि गौरांग के पिता सुरेश के मुताबिक किसी मवेशी के सामने आने से कार बेकाबू हुई है। रफ्तार इतनी तेज थी कि कार एक के बाद एक दो पेड़ों से टकराने के बाद सीमेंट का बिजली पोल तोड़ते हुए खंती में जाकर पलट गई।
हादसे की सूचना ग्रामीणों ने पुलिस को दी। ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने कार में फंसे सभी लोगों को बाहर निकाला। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने मयंक, शिवम गुप्ता व गौरांग को मृत घोषित कर दिया। दिव्यांश की हालत बिगड़ने पर कानपुर रेफर कर दिया गया। मामूली रूप से घायल डॉ आरकेंद्र को प्राथमिक इलाज के बाद घर जाने दिया गया।
शिवम राष्ट्रीय खनिज विकास निगम (एनएमडीसी) छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा बछेली जिला में सहायक प्रबंधक थे। गौरांग के पिता फतेहपुर में ट्रैक्टर एजेंसी समेत अन्य कारोबार के संचालक हैं। गौरांग कारोबार में पिता का हाथ बंटाते थे। कोतवाल राजेंद्र सिंह, क्षेत्रीय इंचार्ज उत्कर्ष मिश्रा मौके पर जांच की। सीओ सिटी वीर सिंह ने बताया कि हादसा तेज रफ्तार की वजह से हुआ है। शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है।