फोटो-26-पुलिस की गिरफ्त में पकड़े गए लूट के आरोपी। संवाद
बिंदकी। नरैचा अरईपुर के कंपोजिट शराब दुकान में आठ जुलाई की रात चौकीदार को बंधक बनाकर की गई लूट का पुलिस ने रविवार को खुलासा कर दिया। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से लूटी गई 990 पौवा देसी शराब, 62 कैन बीयर और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की गई है। वहीं दो आरोपियों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
कोतवाली क्षेत्र के खजुहा चौकी अंतर्गत नरैचा अरईपुर स्थित कंपोजिट शराब दुकान में हुई लूट के मामले में पुलिस ने दिलीप कुमार पासवान निवासी चकमाधवपुर, प्रेम सोनकर निवासी नंदापुर और शिवजीत निवासी खूंटाझाल थाना जाफरगंज को गिरफ्तार किया है।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि आठ जुलाई की रात दिलीप, प्रेम, सूरज सोनकर और सुंदर सोनकर के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। पहले दुकान की बिजली सप्लाई की तार काटकर रोशनी के लिए लगे बल्ब तोड़ दिए थे। बल्ब टूटने की आवाज सुनकर जागे चौकीदार को उसकी ही चादर से हाथ-पैर बांधकर आम के पेड़ के नीचे फेंक दिया था।
इसके बाद दुकान की पक्की दीवार में सेंध लगाकर शराब चोरी की थी। बाद में शराब का आपस में बंटवारा कर बेचने की योजना बनाई थी। पुलिस ने बताया कि शिवजीत ने घर के बाहर बने टिनशेड वाले कमरे में शराब और बीयर छिपाकर रखी थी। वारदात में बाइक का इस्तेमाल किया गया था।
हरईखेड़ा तिराहे के पास शनिवार रात दिलीप और प्रेम बाइक से शराब बेचने जा रहे थे। रोकने की कोशिश करने पर दोनों ने भागने की कोशिश की लेकिन पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। आरोपियों के पास से 585 पौवा शराब और 14 बीयर कैन बरामद हुए। उनकी निशानदेही पर शिवजीत के घर से 405 पौवा शराब और 48 बीयर कैन बरामद कर उसे भी गिरफ्तार किया गया। कोतवाल शैलेष सिंह ने बताया कि आरोपी सूरज व सुंदर की तलाश की जा रही है।
फोटो-26-पुलिस की गिरफ्त में पकड़े गए लूट के आरोपी। संवाद