किशनपुर। थाना क्षेत्र के गढ़ा खास अकेलवा आम तिराहे के पास नौ जुलाई की रात भाजपा नेता रवि तिवारी के भाई आशीष तिवारी के साथ हुई मारपीट के मामले में रविवार को पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कोर्ट के आदेश पर आरोपियों को जेल भेजा गया है।
गढ़ा खास गांव में हूटर बजाने पर अमर पक्ष की कार सीज की थी। भाजपा नेता के इशारे पर कार्रवाई होने का आरोप लगाकर अमर पक्ष ने आशीष तिवारी को कार में अगवा कर मारपीट की थी। दुकान से लूट का भी आरोप लगाया गया था। थानाध्यक्ष योगेश कुमार ने बताया कि रग्घुपुर गांव के भोला, कल्लू और अमर को गिरफ्तार किया गया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार्रवाई की गई है। बाकी नामजद आरोपितों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
अधिवक्ता ने राजनीतिक रंजिश में फंसाने का आरोप लगाया
खागा। किशनपुर थाना क्षेत्र में भाजपा नेता रवि तिवारी के भाई आशीष तिवारी पर हमले के मामले में आरोपी अधिवक्ता नारायण तिवारी ने खागा मॉडल बार एसोसिएशन से शिकायती पत्र देकर निष्पक्ष जांच की मांग की है। किशनपुर निवासी नारायण तिवारी ने बताया कि नौ फरवरी 2026 को रग्घुपुर गांव में मारपीट के वक्त वह अपने घर पर मौजूद थे। उनका घटना से लेना देना नहीं है। गांव की राजनीतिक रंजिश के चलते उन्हें साजिशन प्राथमिकी में शामिल कराया गया है। उन्होंने निष्पक्ष जांच की मांग की है।