बहुआ। ललौली थाना क्षेत्र के सिधांव गांव में शनिवार रात ट्रक खलासी सीताराम लोधी (35) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजन ने करंट की चपेट में आने के कारण बेटे की मौत बताया और रविवार को शव का अंतिम संस्कार करने की तैयारी में थे। ग्रामीणों ने पुलिस को युवक की पीट कर हत्या किए जाने की सूचना दी। पुलिस ने अंतिम संस्कार रुकवाकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
सीताराम के भाई कुलदीप ने बताया कि शनिवार रात नौ बजे सीताराम मोबाइल चार्ज कर रहा था, तभी करंट लगने से उसकी मौत हो गई। सुबह परिजन अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे।
एक ग्रामीण ने डायल 112 पर सूचना दी कि सीताराम की मौत पिटाई से हुई है। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक प्रमोद राव मौके पर पहुंचे। पुलिस ने अंतिम संस्कार रोक दिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार राव ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण स्पष्ट हो पाएगा।