जहानाबाद(फतेहपुर)। नगर पंचायत कोड़ा जहानाबाद की बोर्ड बैठक गुरुवार को हुई। पानी को बचाने के लिए सख्त नियम लागू किए गए हैं। स्टैंडपोस्ट से पानी बहता मिलने पर 500 रुपये जुर्माना वसूलने का प्रस्ताव पास हुआ है। छुट्टा घूमने वाले मवेशियों की भी समस्या बोर्ड की चर्चा में शामिल रही। इस सर्दी 20 के बजाय 40-40 कंबल का वितरण वार्डवार करने का फैसला लिया गया। कुल पांच प्रस्ताव पास हुए।
नगर पंचायत चेयरमैन राबिया खातून की अध्यक्षता में बैठक हुई। सभासद रिजवान कुरैशी ने गरीब एवं जरूरतमंदों को पिछले वर्ष के मुकाबले बीस-बीस कंबल हरेक वार्ड में अतिरिक्त मुहैया कराने का प्रस्ताव रखा। सभासद सारा खान ने नए भवनों के पंजीकरण में भारी शुल्क रखे जाने का विरोध करते हुए क्रमवार जीरो से 49 वर्गमीटर नि:शुल्क, 49 से 100 वर्गमीटर पर 500 रुपये, 100 से 200 वर्ग मीटर पर एक हजार रुपये, 200 वर्गमीटर से अधिक पर डेढ़ हजार रुपये पंजीकरण शुल्क का प्रस्ताव रखा। रिजवान मंसूरी ने बिना टोटियों के नलों पर शिकंजा कसने की जरूरत पेश करते हुए 500 रुपये का आर्थिक दंड लगाने का प्रस्ताव रखा। आवारा पशुओं में बंदरों, सुअरों एवं अन्य आवारा जानवरों को पकड़ने का प्रस्ताव दीपू यादव ने रखा।
सभासद इंद्रपाल गुप्ता ने टंकी की साफ सफाई एवं रंगरोगन किए जाने का प्रस्ताव रखा। सामने आए सारे प्रस्ताव पास हो गए। इस मौके पर अधिशासी अधिकारी कुलवंत सिंह, विधायक प्रतिनिधि कैलाश शर्मा, सभासद इंद्रपाल गुप्ता, प्रदीप उर्फ बउवन दुबे, रिजवान मंसूरी, इरम फातमा, धर्मेंद्र, प्रयाग यादव, दीपू यादव, महेश चौरसिया, आदित्य सिंह, राजेश बाजपेयी, सतीश गुप्ता, रीता निषाद, रेशमा बाल्मीकि व राघवेंद्र सिंह मौजूद रहे।