संवाद न्यूज एजेंसी
अमौली। चांदपुर थाने के हुसैनाबाद मजरे आजमपुर गड़वा गांव में सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक के घर से सोमवार रात चोर 15 लाख के जेवर चोरी कर ले गए। मंगलवार सुबह पड़ोसी ने घर के दरवाजे खुले होने की जानकारी दी। पुलिस व फॉरेंसिक टीम ने मौके की जांच की है।
पूर्व प्रधानाध्यापक रामचरन के पड़ोसी लल्ली ने दरवाजे खुले देखकर सुबह करीब पांच बजे परिवार को आवाज लगाई। सौरभ उर्फ पिंटू व पत्नी दिव्यांशी जगे तो कमरे में सारा सामान बिखरा पड़ा था। इसी कमरे में रखी अलमारी खुली थी। ताला व प्लास, पेचकस पड़ा था। एक छोटा बक्सा सुरक्षित मिला, जिसमें 28 हजार रुपये रखे थे जबकि अलमारी से जेवर गायब थे। पिंटू ने पुलिस को सूचना दी।
बेटे सौरभ के अनुसार सोने का हार, बेंदी, हाथ फूल, बाल चोटी समेत 15 लाख के जेवर चोरी हुए हैं। सौरभ ने बताया कि दोनों दरवाजे बंद कर रात करीब 10 बजे सोए थे। रात करीब साढ़े 11 बजे मां को वॉशरूम गईं। एक बजे चार माह की छोटी बच्ची के जागने पर पत्नी उठी थी। उनकी भी साढ़े तीन बजे नींद खुली थी। आशंका जताई कि घर में चोर दरवाजा बंद होने के पहले घुसे होंगे।
अंधेरे का फायदा उठाकर कहीं छिप गए। इसके बाद रात में घटना को अंजाम देने के बाद दरवाजे खोलकर भागे हैं। थानाध्यक्ष विनोद कुमार ने बताया कि जांच की गई है।