खागा। हरदों स्थित इंटर काॅलेज के पास बंद पड़े मकान का ताला तोड़कर चोरों ने नकदी समेत जेवरात पार कर दिए। गुरुवार सुबह परिवार के लोग घर पहुंचे, तो उन्हें घटना की जानकारी हुई। सूचना पर सीओ और इंस्पेक्टर जांच के लिए पहुंचे। पुलिस घटना की जांच कर रही है। सूचना पर फारेंसिक टीम भी घटनास्थल पर पहुंची।
खागा कोतवाली क्षेत्र के हरदों स्थित इंटर काॅलेज के बगल में शिवदत्त शुक्ला का मकान है। बुधवार की शाम वह परिवार समेत अपने पैतृक घर खखरेरू थाना क्षेत्र के छनैनी गांव गए थे। गुरुवार सुबह लौटने पर घर के शटर का ताला टूटा मिला। चोरों ने अलमारी का लॉकर तोड़कर 90 हजार नकद, सोने की बिजली, अंगूठी, टप्स, मंगलसूत्र, चांदी की चार जोड़ी पायल समेत गृहस्थी का सामान पार कर दिया। चोरी हुए सामान की कीमत करीब छह लाख है। चोरी की सूचना पर खागा सीओ बृजमोहन राय व इंस्पेक्टर हेमंत मिश्रा और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। सीओ ने बताया कि चोरी की सूचना पर जांच के लिए पहुंचे थे और टीम बनाकर घटना की जांच कराई जा रही है।