बकेवर। थाना क्षेत्र के कंसाही गांव में प्रधान के सूने घर को निशाना बनाकर चोरों ने नकदी और जेवर समेत करीब पांच लाख रुपये का सामान पार कर दिया। चोर गेट का कुंडा काटकर घर में घुसे और वारदात को अंजाम देकर भाग गए। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।
प्रधान लक्ष्मीकांत तिवारी ने पुलिस को बताया कि रिश्तेदारी में एक महिला का निधन होने पर वह अंतिम संस्कार में गए थे। परिवार के अन्य सदस्य कानपुर नगर में रहते हैं। देर होने के कारण वह रात में रिश्तेदार के घर ही रुक गए। शनिवार सुबह बड़े भाई ने घर का गेट खुला देखकर चोरी की सूचना दी।
चोर गेट का कुंडा काटकर घर में घुसे और बिना ताला लगे कमरे में रखे बक्से से दो लाख रुपये नकद तथा दो चेन, झुमकी, झाला, अंगूठी समेत करीब पांच लाख रुपये के जेवर चोरी कर ले गए। थानाध्यक्ष दिवाकर सिंह ने बताया कि मामले की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जल्द ही चोरों को गिरफ्तार किया जाएगा।