जिला अस्पताल लहूलुहान हालत में पहुंचा छोटू।
- फोटो : अमर उजाला
शहर कोतवाली के अस्ती इलाके में बुधवार को छोटू (24) की गर्दन में ब्लेड से ताबड़तोड़ वार किए गए। लहूलुहान हालत में वह किसी तरह से जिला अस्पताल पहुंचा। चिकित्सकों ने प्राथमिक इलाज के बाद कोतवाली भेज दिया, लेकिन पीड़ित कोतवाली नहीं पहुंचा।
छोटू शहर के सादीपुर इलाके में किराये पर रहता है। वह शादी पार्टी में वेटर का काम करता है। बताया कि कई सालों से वह एक लड़की से प्यार करता था। जिस लड़की से प्यार करता था, उसकी तीन साल पहले शादी हो गई थी और उसकी एक बच्ची भी है। किन्हीं कारणों के चलते एक साल पहले शादी टूट गई। युवती अपने मायके में रहने लगी थी।
इस दौरान छोटू का दोबारा लड़की के घरवालों की मर्जी से आना-जाना शुरू हो गया। परिजनों की सहमति पर युवती एक माह तक साथ भी रही, लेकिन छोटू की कमाई से परिवार का गुजर बसर नहीं हो पा रहा था। इस वजह से वह वापस मायके चली गई। बकौल छोटू तीन दिन पहले वह प्रेमिका को बुलाने गया था। जहां उसके घरवालों ने गृहस्थी न चला पाने का उलाहना देते हुए उसे साथ भेजने से इंकार कर दिया। तीन दिन से लड़की के घर में ही था।
लड़की पक्ष से बुधवार दोपहर इसी मामले को लेकर विवाद हो गया। विवाद के दौरान ही गले में ब्लेड से ताबड़तोड़ वार किए । वहीं घटनास्थल के आसपास रहने वाले ने बताया कि प्रेमिका के साथ न जाने पर छोटू ने खुद अपनी गर्दन काटी है। कोतवाल आरके पांडेय ने बताया कि युवक उनके पास नहीं आया है। शिकायत आने पर कार्रवाई की जाएगी।