कलेक्ट्रेट में मीडिया से रूबरू होते नए डीएम डॉ. वेदपति मिश्रा।
- फोटो : अमर उजाला
जिले के नए डीएम डॉ. वेदपति मिश्रा ने बुधवार को आम जन की समस्या को त्वरित व संवेदनशील तरीके से निदान कराने की बात कही। सरकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंद तक हर दशा में उपलब्ध कराने को अपनी प्राथमिकता बताया। स्वच्छ, स्वस्थ और लोकप्रिय प्रशासन देने का दावा करते हुए कानून व्यवस्था से किसी प्रकार का समझौता न करने के संकेत दिए।
नवागत डीएम ने शासन की कल्याणकारी योजनाओं को प्राथमिकताओं के आधार पर लागू कराने की बात रखी। कहा कि प्रशासनिक मशीनरी को जवाबदेह बनाया जाएगा। जवाबदेही से भागने पर कार्रवाई की जाएगी। जिले में अपराध, खनन व माफिया के बिंदु से अध्ययन किया जाएगा।
इस दौरान सीडीओ रामाश्रय व एडीएम आलोक सिंह भी मौजूद रहे। बता दें कि वर्ष 2008 बैच के आईएएस कैडर के डॉ. वेदपति मिश्रा के लिए डीएम के रूप में फतेहपुर पहला जिला है। वर्ष 1999 पीसीएस कैडर के डॉ. मिश्रा ने इससे पहले एसडीएम के पद पर अपनी सेवाएं पौढ़ी गढ़वाल में दी है।