असोथर। लिफ्ट लेकर बाइक में बैठे युवक ने गुरुवार शाम फोटोग्राफर को लूट लिया। होश आने पर युवक रात को थाने पहुंचा। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
थाना क्षेत्र के कौंडर निवासी कौशल तिवारी फोटोग्राफी करते हैं। उनकी कस्बे में दुकान है। दुकान से वह शाम को बुकिंग पर बाइक से फतेहपुर जा रहे थे। रास्ते में कंधिया गांव के पास एक युवक ने हाथ देकर बाइक रोकवाई। कौशल ने बताया कि युवक ने रास्ते में पड़ने वाले कुसुंभी गांव में उतारने की बात कही तो उन्होंने बाइक में बैठा लिया।
घनघौल के पास युवक ने लघुशंका के लिए बाइक रुकवाई। वह भी लघुशंका के लिए रुके। तभी पीछे से लिफ्ट लेकर बैठने वाले युवक ने कुछ सुंघा दिया। इससे वह बेसुध होकर गिर पड़ा। करीब दो घंटे बाद होश में आया। तभी लोगों की मदद से मोबाइल पर परिजनों को सूचना दी। बदमाश लैपटाप, कैमरा, वीडियो कैमरा, मोबाइल, साढ़े 17 हजार रुपये लूट ले गए हैं। प्रभारी निरीक्षक शेर सिंह राजपूत ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।