फतेहपुर। जिला बार एसोसिएशन चुनाव में जीत के बाद शनिवार को नवनियुक्त अध्यक्ष गया प्रसाद व महामंत्री जितेंद्र सिंह गौतम समेत अन्य अधिवक्ता नेताओं ने कलक्ट्रेट परिसर में जुलूस निकाला। इस दौरान उनके समर्थकों ने जगह-जगह स्वागत किया। अधिवक्ता नेताओं ने कचहरी परिसर में भ्रमण किया और अधिवक्ताओं के बस्तों तक जाकर उनका आभार जताया। जुलूस में पूर्व अध्यक्ष जगदीश सिंह उर्फ जालिम सिंह, आशीष गौड़, रेहान सदफ व अजीत सिंह राठौड़ समेत कई अधिवक्तागण शामिल रहे। वहीं कचहरी परिसर में हार-जीत के गुणा-भाग को लेकर अधिवक्ताओं में चर्चाएं रहीं।
नवनियुक्त अध्यक्ष का ब्राह्मण महासंघ ने किया स्वागत
राष्ट्रीय ब्राह्मण महासंघ (अ) के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को जिला बार एसोसिएशन के नवनिर्वाचित अध्यक्ष गया प्रसाद दुबे का फूल-मालाओं से स्वागत किया। महासंघ के प्रदेश महासचिव अनिल त्रिपाठी ऊर्फ मनीष के नेतृत्व में ब्राह्मण समाज के लोग अधिवक्ता गया प्रसाद दुबे के कार्यालय पहुंचे और उन्हें जीत की बधाई दी। उन्होंने भगवान परशुराम की तस्वीर भेंट कर फूलों की माला पहनाई। स्वागत कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष अंकित दीक्षित, एडवोकेट शरद तिवारी, एडवोकेट अशोक शुक्ला, एडवोकेट सर्वेश तिवारी, एडवोकेट संदीप पांडेय, एडवोकेट अभय सिंह, एडवोकेट ओम सिंह गौर व हरिओम दिवाकर समेत अन्य कई अधिवक्ता मौजूद रहे।