फतेहपुर। आरवीएस इंटरनेशनल स्कूल में वार्षिक स्पोर्ट्स डे का आयोजन हुआ। स्पोर्ट्स डे का शुभारंभ मुख्य अतिथि अयाह शाह विधायक विकास गुप्ता ने किया।
मुख्य अतिथि ने रंग बिरंगे गुब्बारे आकाश में छोड़कर कार्यक्रम की शुरुआत की। उन्होंने ध्वजारोहण किया। बाद में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने मार्च पास्ट का प्रदर्शन किया। अग्नि की साक्षी पवित्र मशाल को खेल प्रांगण के चारों ओर घुमाने के बाद खेल भावना एवं शुचिता बनाए रखने की शपथ ली गई। इसके बाद बच्चों ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया।
इस दौरान छोटे बच्चो के लिए फ्रॉग रेस, ट्रेजर हंट, हूला हूप रेस, जिग जैग रेस, बैलून रेस, हौपिंग रेस, मैथ रेस, लेमन एंड स्पून रेस व बड़े बच्चों के लिए रिले रेस, 100 मीटर रेस, 200 मीटर रेस, लंबीकूद, टग ऑफ वार का आयोजन हुआ। सभी प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विजेताओं को मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। इसके साथ ही समस्त प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण पत्र देकर उनका उत्साहवर्धन किया।
इसके अलावा बच्चों ने योग की मुद्राओं का प्रदर्शन करते हुए आकर्षक ड्रिल एवं आत्मरक्षा के लिए ताइक्वांडो का भी प्रदर्शन किया। मुख्य अतिथि, आरवीएस एजुकेशनल ट्रस्ट के सचिव भरत सिंह एवं विशिष्ट अतिथि एआरटीओ पुष्पांजलि मित्रा को एजुकेशनल ट्रस्ट के सदस्य शक्ति सिंह ने पुष्प गुच्छ एवं स्मृति चिह्न देकर स्वागत किया। कार्यक्रम का समापन खागा विधायक कृष्णा पासवान ने किया।
इस मौके पर अंजुला सिंह, विजय प्रताप सिंह, सुनील सिंह, पीयूष दीक्षित, अभय सिंह, आयुष्मान सिंह, युवराज सिंह रहे। अंत में विद्यालय प्रधानाचार्य सुनीता श्रीवास्तव धन्यवाद ज्ञापित किया।