फतेहपुर। मौसम का मिजाज लगातार गर्म होने से आम जनजीवन की दिनचर्या अस्त-व्यस्त हो गई है। अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस होने पर सड़क पर सन्नाटा दिखा। वहीं न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तेज धूप और गर्मी के चलते लोग घरों से निकलने से कतरा रहे हैं। थोड़ी सी लापरवाही पर लू लगने का खतरा भी बढ़ गया है।
भीषण गर्मी शुरू होते ही ठंडे पानी की बोतलें, गन्ने का जूस, नींबू पानी और अन्य पेय पदार्थों की बिक्री बढ़ गई है। चालू सप्ताह इस मौसम का सबसे गर्म सप्ताह रहा। कचहरी और तहसीलों में भी वादकारियों की संख्या में कमी देखी गई। सुबह 10 से शाम चार बजे तक सड़कों और बाजारों में आवाजाही काफी कम रही। इससे दिनभर सन्नाटा जैसा माहौल बना रहा।
गर्मी से राहत पाने के लिए शहर में जगह-जगह गन्ना जूस, नींबू पानी, आम पना, बेल शर्बत और मौसमी जूस की दुकानें लग गई हैं जहां राहगीर रुककर गला तर कर रहे हैं। न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस पहुंचने से रातों की नींद भी प्रभावित हो रही है। पंखों से गर्म हवा मिल रही है। कूलर भी राहत नहीं दे पा रहे हैं। मच्छरों का प्रकोप बढ़ने से लोग चादर ओढ़कर सोने को मजबूर हैं। बढ़ती गर्मी को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने एडवाइजरी जारी कर बचाव के उपाय बताए हैं।
इन बातों का रखें ख्याल
- खूब शुद्ध पानी पीएं। धूप तेज होने पर घर के अंदर रहें। आवश्यक होने पर पूरे शरीर को ढककर बाहर निकलें। बाहर जाते समय थोड़ी-थोड़ी देर में पानी पीते रहें। स्वास्थ्य संबंधी समस्या होने पर योग्य डॉक्टर से संपर्क करें। बिना सलाह मेडिकल स्टोर से दवा न लें। बासी भोजन और बाजार के खुले खाद्य पदार्थों से बचें।
ऐसा मौसम मानव स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकता है। इसलिए पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें और तेज धूप में बाहर निकलने से बचें।
- डॉ. केके पांडेय, वरिष्ठ फिजीशियन, जिला अस्पताल।
पटेल चौक के पास सन्नाटे में निकलते युवक व युवती। संवादद- फोटो : 1