उमस भरी गर्मी से बेहाल लोगों को बारिश ने राहत दी। बुधवार को दिनभर की चटख धूप ने राहगीर और स्कूली बच्चों को परेशान कर दिया था। पसीना से भीगे शरीर को पंखे की हवा भी नहीं सुखा पाई। साइकिल और पैदल स्कूल जाने वाले बच्चे बेहाल रहे। देर शाम की झमाझम बारिश फसलों में संजीवनी का काम किया है।
शाम को एक घंटे हुई झमाझम बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिल गई, लेकिन शहर की सड़कों पर पानी भर गया। वर्मा चौराहा, मुराइनटोला, पीरनपुर में सड़क के ऊपर से पानी बहता रहा। शहर की कई कालोनियाें के अंदर पानी घुस गया। बारिश बंद होने के बाद लोग घरों से पानी निकालने का प्रयास करते रहे। सड़कों पर जलभराव देरशाम तक रहा। राहगीर पानी मेें घुसकर आते-जाते रहे। वहीं एक सप्ताह की तेज धूप से मुर्झा रही फसलों में बारिश की बूंद पड़ते ही जान आ गई। सिंचाई करने की सोच रहे किसानों को भी राहत मिली है।