उत्तरवाहिनी गंगा जल्द टूरिस्ट प्वाइंट में तब्दील नजर आएगी। प्रदेश के मुख्य सचिव आलोक रंजन ने रविवार को ओमघाट के सुंदरीकरण के साथ कई सौगात दी।
उन्होंने पर्यटन स्थल पर सत्संग हॉल का निर्माण कराए जाने की हरी झंडी देने के साथ नदी की कटान रोकने को तटबंधीकरण कराए जाने और समूचे ओम घाट को सोलर रोशनी से जगमग किए जाने के संकेत दिए।
मुख्य सचिव ने इसके अलावा ओमघाट तक पहुंचने के लिए 36 करोड़ रुपया सड़क प्रोजेक्ट के लिए पास होने की जानकारी भी दी।
रविवार को दोपहर एक बजे के करीब ओमघाट पहुंचे मुख्य सचिव आलोक रंजन ने सबसे पहले शिवलिंग पर विधि विधान से जलाभिषेक के साथ शिव की पूजा अर्चना की।
दो घंटे के भ्रमण में मुख्य सचिव ने जनता की बातें सुनने के साथ सरकार की योजनाआें को भी सामने रखा। साथ ही ओमघाट को पर्यटन स्थल बनाने की भी बात कही।
बताया कि जिला योजना से उक्त घाट के लिए साढ़े तीन करोड़ रुपये खर्च कर पर्यटक स्थल विकसित किया जाएगा।
घाट की सीढ़िया कटान से खोखली होने की जानकारी पर बताया कि गंगा कटान रोकने को सात करोड़ 99 लाख रुपया खर्च होगा।
ओमघाट को रमणीक बनाने के लिए आलीशान मुख्यद्वार बनाया जाएगा। सत्संग भवन का निर्माण कराए जाने के साथ सोलर लाइट से घाट को चमकाने की जानकारी देने के साथ ही मुख्य सचिव ने क्षेत्रीय किसानों की सबसे बड़ी सिंचाई की समस्या के निराकरण की राह खोल दी। ईएफसी के तहत भिटौरा पंप कैनाल पर काम होगा।
धनराशि एलाट हो चुकी है। छह बीघा के जमीनी विवाद का निस्तारण 10 दिन में निस्तारण करने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने जिले के सबसे बड़े सदर अस्पताल के सुंदरीकरण की भी जानकारी दी। पीडब्लूडी के डाकबंगला में पहुंचे मुख्य सचिव आलोक रंजन से मिलने के लिए सदर नगर पालिका परिषद के कुछ सभासदों को मायूसी हाथ लगी। उधर, बिजली चोरी रोकने के लिए जिले स्तर पर उठाए गए कदम की सराहना करते हुए कहा कि जिले मे लाइन लॉस 47 प्रतिशत से घटकर 30 प्रतिशत हुआ है। इससे 21 करोड़ रुपये का राजस्व भी बढ़ा है। अब यह लाइन लॉस 12 से 15 प्रतिशत रहे, इसके निर्देश दिए गए हैं। साथ ही 72 घंटे के भीतर फुंका ट्रांसफार्मर बदलने के निर्देश दिए। जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं को बेहतर कराने, एंबुलेंस सेवा, एक्सरे और अल्ट्रासाउंड मशीन की व्यवस्थाएं कराने को कहा।
इंसेट
भिटौरा पंप कैनाल का निरीक्षण किया
फतेहपुर। प्रदेश के मुख्य सचिव आलोक रंजन ने उत्तरवाहिनी गंगा के ओमघाट तट से स्टीमर में सवार होकर गंगा का भ्रमण किया। मुख्य सचिव ने कटान देखने के साथ भिटौरा पंप कैनाल का निरीक्षण किया। ओमघाट के स्वामी विज्ञानानंद जी महाराज, डीएम राकेश कुमार के अलावा पूर्व सांसद राकेश सचान भी थे। मुख्य सचिव ने कटान रोकने के लिए तटबंधीकरण किए जाने के निर्देश दिए। इसके अलावा बंद पड़ी भिटौरा पंप कैनाल के लिए ईएफसी पास होने की जानकारी देते हुए हुए जल्द कैनाल के काम करने की बात कही।
इंसेट
बोले फतेहपुर में साफ है गंगा
फतेहपुर। गंगा प्रदूषण पर पूछे गए सवाल पर मुख्य सचिव आलोक रंजन ने कहा कि जिले में तो गंगा सफाई की स्थिति बेहतर है। यहां पर स्टीमर से उन्होंने नौका विहार के दौरान डॉल्फिन भी दिखी। डॉल्फिन साफ पानी में ही दिखती है। कानपुर में गंगा प्रदूषण पर ज्यादा ध्यान दिया जा रहा है। यहां पर फैक्ट्रियों के पानी से गंगा के पानी पर प्रभाव पड़ रहा है। गंगा सफाई का मुद्दा राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर दोनों का है। कानपुर, इलाहाबाद, बनारस जैसे महानगरों समेत अन्य जगहों पर इसको लेकर काम चल रहा है। सूबे में 2000 करोड़ रुपये से गंगा साफ की जा रही है। जिस स्टीमर पर बैठ करके मुख्य सचिव आलोक रंजन ने देश की प्राचीन नदी गंगा की आभा देखी, वह स्टीमर पीएसी ने मुहैया कराया था, जो कि कलकत्ता स्टीमर मंगाया था। पीएचसी के प्लाटून कमांडर मुन्नू लाल के मुताबिक 1200 किलोग्राम की क्षमता वाले इस स्टीमर की स्पीड 45 किलोमीटर/घंटा की है। थर्मासील से बनी लाइफ जैकेट व लाइफ ब्वाय से सुसज्जित स्टीमर को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण भी जुटे थे।
इंसेट
प्रधानमंत्री अवार्ड के लिए चयनित ससुर खदेरी नदी
फतेहपुर। मुख्य सचिव आलोक रंजन ने जिले की ससुर खदेरी नदी को प्रधानमंत्री अवार्ड के लिए चयनित होने की जानकारी दी। जिले के 13 ब्लाकों में दर्जन भर के डार्क जोन में चले जाने से जल संचयन के लिए सूखी झीलों को टेकअप किए जाने की बात कही। खुलासा किया कि अखनई व अलौला जैसी बड़ी झीलों को गहरा करके पुर्नउद्घार किया जाएगा।