फतेहपुर। बांदा जिले के चिल्ला पुल के नीचे जहर खाने का वीडियो वायरल होने के बाद लापता युवक का चार दिन बाद भी कोई सुराग नहीं लग सका है। पुलिस अब जांच को आगे बढ़ाते हुए उसके मोबाइल नंबर की सीडीआर खंगालेगी। घटना के बाद से युवक का मोबाइल भी बंद आ रहा है।
राधानगर थाना क्षेत्र के दलीपुर निवासी चंद्रभान लोधी का चिल्ला यमुना नदी पुल के नीचे सल्फास की गोलियां खाने का वीडियो दो जुलाई की शाम सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसके बाद पुलिस ने यमुना नदी में युवक की तलाश की लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। अब पुलिस युवक के मोबाइल नंबर की सीडीआर खंगालेगी। इससे यह पता लगाया जाएगा कि घटना के दिन उसने किन लोगों से और कितनी बार बातचीत की थी। इसी आधार पर आगे लोगों के बयान दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई जाएगी।
ग्रामीणों के मुताबिक चंद्रभान की पहली शादी परिवार की सहमति से हुई थी। इसके बाद भी उसने शाह कस्बे की एक महिला से दूसरी शादी की है। पुलिस ने दूसरी पत्नी के भी बयान दर्ज किए हैं। यमुना नदी में भी लगातार खोजबीन की जा चुकी है। प्रभारी निरीक्षक श्याम सुंदर श्रीवास्तव ने बताया कि युवक की तलाश जांच जारी है। सीडीआर मंगवाकर सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।