किशनपुर। कस्बे के बालाजी अग्रवाल की सराफ दुकान को बार-बार निशाना बनाने वाले चोर तक पहुंचने में पुलिस नाकाम है। घटना की रात चोर थाने से 100 मीटर पर करीब दो घंटे तक घूमता रहा। इसके बाद भी पुलिस को भनक तक नहीं लगी। ग्रामीणों का कहना है कि रात को गश्ती पुलिस सोती रहती है। इससे चोर बेखौफ हैं।
थाने से चंद कदम दूर स्थित बालाजी की सराफ की दुकान में सोमवार रात चोरी की कोशिश का प्रयास किया गया। सीसीटीवी फुटेज आने के बाद साफ हो गया कि करीब दो घंटे तक थाने के आसपास ही चोर मौजूद रहा है। इस दौरान चोर सराफ के आंगन का जाल काटकर दुकान तक पहुंचा।
पुलिस ने बृहस्पतिवार को आसपास के दुकान और मकानों में लगे कैमरों की फुटेज चेक किया है। पुलिस घटनास्थल के वार्ड सात और वार्ड आठ की सारी गलियों के फुटेज घरों व प्रतिष्ठानों से जुटा रही है। फुटेज के जरिये आने-जाने वालों की पहचान कर रही है।
थानाध्यक्ष सत्यदेव गौतम ने बताया कि इलाके से 10 संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।