एक बदमाश नौकरी का झांसा देकर युवक की पत्नी को सदर कोतवाली क्षेत्र की पुरानी तहसील से ले गया। अब युवती को लौटान के एवज में दस हजार रुपये मांग रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हुसैनगंज थानाक्षेत्र के पतरिया मजरे फरसी गांव निवासी श्याम मिलन ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी इसी साल 25 अप्रैल को रायबरेली जिले के मदोखर थानाक्षेत्र निवासी देशराज की पुत्री सोमा देवी से हुई है। रक्षाबंधन पर्व पर सोमा देवी मायके गई थी। उसको लेने के लिए श्याम मिलन अपने चचेरे भाई रज्जन के साथ रायबरेली के लिए रवाना हुआ। रास्ते में मिले एक युवक ने उससे दोस्ती गांठी और पत्नी की नौकरी लगवा देने की बात कहकर उनके साथ हो लिया।
ये लोग शुक्र वार को उस व्यक्ति की बाइक से शहर आए। अंजान व्यक्ति उन्हें पुरानी तहसील ले गया। यहां उसने नौकरी लगवाने की बात कहकर एक वकील के बस्ते पर दंपति से कुछ कागजातों पर हस्ताक्षर कराए। इसके बाद वह सोमा की फोटो खिंचवाने के बहाने उसे अपने साथ ले गया। काफी देर तक युवती नहीं लौटी, तो श्याम मिलन ने वकील से पूछताछ की।
वकील ने बताया कि जिसके साथ उसकी पत्नी गई है, उसका चालचलन ठीक नहीं है। रात करीब आठ बजे मायके पक्ष के लोगों के पास कॉल पहुंची, जिसमें युवती को लौटाने के एवज में दस हजार रुपये मांगे गए। इस पर सोमा की मां श्रीदेवी भी यहां आ गई। कोतवाल आरके पांडेय ने बताया कि छानबीन की जा रही है।