पुलिस के तमाम प्रयासों के बाद भी शोहदों के हौसले बुलंद हैं। शुक्रवार को सरेराह छेड़खानी और दुष्कर्म की कोशिश के मामले सामने आए। पुलिस ने दोनों मामलों में कार्रवाई की है।
ललौली थानाक्षेत्र के वंशगोपाल इंटर कालेज की तीन छात्राएं घर लौट रही थीं।
चकसकरन और बरौंहा गांव के बीच रोड पर पीछे से पल्सर सवार तीन शोहदे पहुंचे। शोहदों ने छात्राओें की साइकिल के पास पहुंचकर हार्न बजाया। इससे अनियंत्रित होकर छात्राएं गिर पड़ीं। बाइक रोककर दुपट्टा खींचा। छात्राओं ने विरोध किया और पीछे से आ रहे बाइक सवारों को रोकने की कोशिश की। तभी आरोपी फर्राटा भरते हुए भाग निकले।
पुलिस आरोपियों की तलाश करती रही लेकिन वे नहीं मिले। इधर, सदर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में किशोरी गुरुवार देर शाम शौचक्रिया के लिए गई थी। उसे रास्ते में गांव के ही शोहदे ने घसीटने की कोशिश की। पीड़िता ने शुक्रवार शाम कोतवाली में शिकायत की। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।