खखरेरू। सर्राफ से करीब 8.50 लाख रुपये के जेवर लूटने के मामले में पुुलिस को अभी तक नकाबपोश बदमाशों का सुराग नहीं लगा है। हालांकि पुलिस वारदात में कौशाम्बी जिले के बदमाशों की संलिप्तता मान रही है। वहीं सर्राफ से लूटे गए मोबाइल की आखिरी लोकेशन तेंदुआ गांव के पास मिली है। पुलिस ने बाइक सवार तीन बदमाशों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने देर रात घटनास्थल का निरीक्षण किया। खुलासे के लिए पांच टीमें गठित की गई हैं।
थाना क्षेत्र के केशवरायपुर केवटमई निवासी शिवकुमार मौर्य की गेरिया बाजार चौराहे पर सराफा की दुकान है। शनिवार शाम करीब छह बजे वह दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। अंजना कबीर गांव के पास हाजी के ट्यूबवेल के समीप नकाबपोश बाइक सवार तीन बदमाशों ने उनकी बाइक ओवरटेक कर रोक लिया और जेवरों से भरा बैग लूट लिया। विरोध करने पर तमंचे की बट से मारकर घायल कर दिया और बाइक की चाबी भी लेकर भाग गए थे। बाद में पुलिस को घटनास्थल से करीब 200 मीटर दूर चाबी मिली।
घटनास्थल से करीब साढ़े तीन किलोमीटर दूर तेंदुआ गांव के पास सर्राफ से लूट गए मोबाइल की अंतिम लोकेशन मिली। मोबाइल कई बार ऑन-ऑफ हुआ और रविवार सुबह भी एक बार चालू हुआ। पुलिस ने आसपास के खेतों में मोबाइल की तलाश की लेकिन सफलता नहीं मिली। आशंका है कि बदमाश मोबाइल फेंककर भाग गए या किसी ग्रामीण के हाथ लग गया।
बदमाश बिछियांवा मार्ग की ओर भागे जहां से कौशाम्बी जाने का रास्ता है। मार्ग पर स्थित एक कॉलेज के सीसीटीवी फुटेज रविवार होने के कारण चेक नहीं हो सके। पुलिस ने गेरिया स्थित दुकान के सीसीटीवी भी खंगाले जिसमें दुकानदार बैग में गहनों के साथ रुपये रखते दिख रहा है। हालांकि उसने बताया कि रुपये उसकी जेब में थे और सुरक्षित हैं।
पुलिस कौशाम्बी जेल से हाल में छूटे बदमाशों को चिह्नित करने में जुटी है। थानाध्यक्ष विद्या प्रकाश सिंह ने बताया कि तीन नकाबपोश बाइक सवारों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर विवेचना की जा रही है। जल्द ही खुलासा किया जाएगा।
घायल हालत में पैदल गांव पहुंचा था सर्राफ
बदमाशों की पिटाई के बाद सर्राफ घायल अवस्था में पैदल ही गांव पहुंचा। गांव के किनारे मानू दुबे की गुमटी से मोबाइल लेकर उसने यूपी 112 और अपने भाई अनिल को सूचना दी। अनिल ने बताया कि पहले शिवकुमार की खागा में सराफा की दुकान थी जिसे लूटपाट के डर से बंद कर यहां खोला गया था।
फोटो-16-पीड़ित सराफ शिवकुमार मौर्या। संवाद
फोटो-16-पीड़ित सराफ शिवकुमार मौर्या। संवाद