सीएचसी में एएसडीएम राजेश यादव के औचक निरीक्षण में चिकित्साधीक्षक समेत आधा दर्जन डाक्टर नदारद मिले। इसके अलावा कई खामियां सामने आईं। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में डाक्टरों के इर्द-गिर्द मंडराने वाले दलाल व एमआर भाग निकले। एएसडीएम ने बताया कि रिपोर्ट डीएम को भेजी जाएगी।
शनिवार को एएसडीएम राजेश यादव ने सीएचसी बिंदकी पहुंचकर हाजिरी रजिस्टर को अपने कब्जे में लिया, जिसमें चिकित्साधीक्षक डा. इश्तियाक, डा. अभय, डा. जोगिंदर सिंह, डा. सत्यव्रत, रूचि, दिव्या आदि गायब रहे। इनकी अनुपस्थिति लगा दी गई।
उनको देखते ही यहां डाक्टरों के इर्द-गिर्द सीएचसी में घूमने वाले दलाल व एमआर इस दौरान अस्पताल से भाग गए। उन्होंने प्रसव केंद्र, इमरजेंसी, सफाई व्यवस्था, जननी सुरक्षा, स्टाक रजिस्टर आदि का अवलोकन किया। मरीजों से हालचाल पूछने पर पता चला कि बाहर से दवाइयां लिखी जाती हैं।
यहां सपा के नगर अध्यक्ष जाहिद खां बन्ने ने भी शिकायत दर्ज कराई कि दलालों व एमआर की हमेशा रहने वाली उपस्थिति पर रोक लगाई जाए। डाक्टरों की कमी को पूरा करने के साथ ही यहां तैनात सभी डाक्टरों को सीएचसी परिसर में बने आवासों में रहने के निर्देश दिए जाएं।