फतेहपुर। पुलिस अधीक्षक की सख्ती के बावजूद जिले में चोरों के हौसले बुलंद हैं। शहर के राधानगर, ललौली, खखरेरू थाना क्षेत्र में चोरों ने तीन घरों और सड़क किनारे खड़े वाहनों में डीजल चोरी की वारदातों को अंजाम दे दिया है। वारदातों में करीब 12 लाख रुपये का माल चोरी होने की बात सामने आई है। पुलिस ने सभी मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं।
दीवार में सेंध लगाकर नकदी समेत दो लाख की चोरी
खखरेरू। थाना क्षेत्र के नट का डेरा मजरे हकीमपुर खंतवा गांव निवासी मोहम्मद महफूज किसान हैं। वह सोमवार रात पत्नी, मां और बहन के साथ घर के बाहर सो रहे थे। तभी चोरों ने पीछे की दीवार में सेंध लगाकर घर में प्रवेश किया और अलमारी का ताला तोड़ दिया। बक्सा भी घर के पीछे उठा ले गए।
महफूज ने बताया कि 45 हजार रुपये नकद, 100 ग्राम चांदी के पायल, सोने की झुमकी और लॉकेट चोरी कर लिए गए हैं। सुबह घटना की जानकारी हुई। थानाध्यक्ष विद्या प्रकाश सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।
अलमारी का लॉकर तोड़कर पांच लाख की चोरी
फतेहपुर। ललौली थाना क्षेत्र के सिधांव गांव निवासी अशोक कुमार कुशवाहा किसान हैं। इनके गांव में दो मकान हैं। 20 अप्रैल को वह भूसा रखकर पुराने मकान में परिवार सहित सोए थे।
चोरों ने दूसरे मकान का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और अलमारी का लॉकर तोड़कर जेवर और नकदी चोरी कर ली। सुबह पहुंचने पर ताले टूटे और सामान बिखरा मिला। चोर आधा किलो चांदी, करीब डेढ़ तोला सोना और 20 हजार रुपये समेत लगभग पांच लाख का माल ले गए। प्रभारी निरीक्षक एसबी सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर विवेचना की जा रही है।
शादी में गई महिला के कमरे का ताला तोड़कर चोरी
फतेहपुर। ललौली थाना क्षेत्र के समदाबाद गांव की अनुज विश्वकर्मा की पत्नी विभा देवी राधानगर क्षेत्र के तपस्वीनगर मोदी मैदान के पास किराये के मकान में रहती हैं। वह 20 अप्रैल को घर में ताला लगाकर शादी समारोह में गई थीं।
पड़ोसी के फोन पर उन्हें ताला टूटा होने की जानकारी मिली। कमरे और बक्से का ताला टूटा था और सोने-चांदी के जेवर चोरी हो गए थे। इनकी कीमत पांच लाख रुपये से अधिक बताई गई है। प्रभारी निरीक्षक श्याम सुंदर श्रीवास्तव ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।
ट्रक और टैंकर से 600 लीटर डीजल चोरी
फतेहपुर। राधानगर थाना क्षेत्र के कटका बाईपास पर सोमवार रात चोरों ने दो वाहनों से 600 लीटर डीजल चोरी कर लिया। डायल 112 की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। शिवशक्ति धर्मकांटा के पास केवई गांव के बबलू रैदास का ट्रक और हाथरस निवासी लाखन सिंह का टैंकर खड़ा था। दोनों वाहनों के डीजल टैंक का लॉक तोड़कर डीजल चुरा लिया गया। उपनिरीक्षक लालबहादुर पाल ने जांच के बाद प्राथमिकी दर्ज कराई है।
फोटो- 14- चोरी के बाद खेत में पड़ा सामान। संवाद- फोटो : Archive
फोटो- 14- चोरी के बाद खेत में पड़ा सामान। संवाद- फोटो : Archive