फतेहपुर। त्योहार आते ही खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमें सक्रिय हो गई हैं। बुधवार को सहायक आयुक्त खाद्य धर्मराज मिश्रा और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेश कुमार दीक्षित के नेतृत्व में बिंदकी, बस स्टैंड, ज्वालागंज और दुर्गागंज क्षेत्रों में अभियान चलाया गया। इस दौरान कुल पांच खाद्य वस्तुओं के नमूने जांच के लिए भरे गए।
शहर के ज्वालागंज स्थित बस स्टैंड के पास मो. सेराज फल कार्नर से सेव, मो. साजिद फ्रूट कार्नर से पका केला, मो. अशरफ फ्रूट कंपनी से सेव और मौसम्मी, दुर्गागंज स्थित गुप्ता किराना स्टोर से साबूदाना के नमूने लिए। सभी नमूने विश्लेषण के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
टीम ने दुकानदारों को खाद्य सामग्री ढककर रखने, सफाई बनाए रखने, शुद्ध एवं गुणवत्ता युक्त सामान बेचने, व्यक्तिगत स्वच्छता अपनाने और बिना लाइसेंस कारोबार न करने की सख्त हिदायत दी। इस दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी धीरज कुमार दीक्षित, दिनेश चंद्र, सिद्धार्थ कुमार, देवेश मिश्रा और अनुराधा कुशवाहा मौजूद रहे।