अमौली। चांदपुर थाना क्षेत्र के बबई गांव में सोमवार रात चोरों ने एक किसान के घर से करीब 20 लाख का माल पार कर दिया। मंगलवार की सुबह जगने पर किसान को चोरी की जानकारी हुई।
बबई गांव निवासी श्रवणलाल वर्मा सोमवार रात छत पर और उनकी पत्नी और छोटा बेटा शिव प्रसाद घर के आंगन में सो रहे थे। सुबह नींद खुलने पर कमरे का ताला टूटा मिला और सामान बिखरा हुआ मिला। दरवाजे के पास ही लोहे की एक रॉड मिली।
श्रवणलाल ने ग्रामीणों को सूचना दी तो भीड़ जुट गई। उनके अनुसार घर से दो बहुओं के जेवर चोरी हुए हैं। इसमें हार, अंगूठी, मंगल सूत्र, सोने के चूड़ी, पायल और कमर की पेटी शामिल हैं। चोरी हुए जेवरों का कुल मूल्य करीब 20 लाख रुपये होगा।
वहीं ग्रामीणों की सूचना पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम भी बुलाई गई। टीम ने फिंगर प्रिंट और कई सामान के सैंपल एकत्र किए। थानाध्यक्ष विनोद कुमार ने बताया कि घटना की जांच जारी है। जल्द ही खुलासा किया जाएगा।
-