जय हनुमान ज्ञान गुन सागर..., अंजनी के लाल हनुमान आज मेरी विनती सुनो जैसे गीतों के साथ बल एवं बुद्धि के विधाता महाबली हनुमान की जयंती उत्साह के साथ मनाई गई। मंदिरों में दिनभर हनुमान चालीसा का पाठ चला तो भंडारे में पहुंचे भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया।
शनिवार को जिलेभर में हनुमान जयंती धूमधाम से मनाई गई। सुबह से ही भक्तों का मंदिरों में पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया।
शहर के मुराइनटोला स्थित सिद्ध पीठ श्री हनुमान मंदिर में महाबली बजरंगबली की फूलों से भव्य सजावट की गई। विधि विधान से पूजन करते हुए भक्तों ने पहले वीर हनुमान का गंगाजल से स्नान कराया फिर चमेली का तेल लगाया।
इसके बाद उन्हें सिंदूर लगाया। मंत्रोच्चारण के बीच हनुमान जी को लाल पुष्प की मालाएं अर्पित की और लड्डुओं और मालपुआ का भोग लगाया। गीत संगीत के बीच श्रद्धालुओं ने हनुमान चालीसा, बजरंग बाण, हनुमानाष्टक आदि का पाठ किया।
मंदिर परिसर में डीजे की धुन में हनुमान गीत सुन भक्त उत्साहित हुए। भंडारे में भक्तों ने पूड़ी सब्जी और बूंदी का स्वाद लिया।
हनुमान जयंती पर विशाल आयोजन में सभासद राजेंद्र सविता उर्फ रज्जू, दीपू लाला, ज्ञानेेश्वर सिंह, पुन्नू मौर्या, मयूर श्रीवास्तव, शैलेंद्र विश्वकर्मा, विनय तिवारी, सादाब अहमद, सुनील कुमार, पुष्पराज पटेल, इंद्रसेन, दूल्हा भाई ने सहयोग किया।
इसी प्रकार शहर के चौक स्थित हनुमान मंदिर, पटेलनगर चौराहे स्थित हनुमान मंदिर, तांबेश्वर मंदिर, कालिकन मंदिर में भी हनुमान जयंती मनाई गई। शाम को हनुमान जी की महाआरती हुई जिसमें भक्तों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। आचार्य पंडित केके पांडेय एवं आचार्य पंडित कृष्ण दत्त अवस्थी ने बताया कि हनुमान जी उपासना से शनि भगवान प्रसन्न होते हैं। हनुमान जयंती पर प्रभु श्रीराम भक्त हनुमान की आराधना से मनोवांछित फल की प्राप्ति होती है।