भिटौरा पीएचसी के भैरमपुर गांव के राम नरेश के बेटे सुरेश यादव(32) को सात दिनों से बुखार आ रहा था। बुखार खत्म न होने पर तीन दिन पहले सुरेश की पैथोलॉजी जांच कराई गई थी। जिसमें सुरेश के डेंगू ग्रसित होने का खुलासा हुआ था। परिजनों के लाख प्रयास के बावजूद गुरुवार को उसकी मौत हो गई।
डेंगू से मौत की खबर पाकर पूर्व मंत्री व भाजपा नेता राजेंद्र सिंह पटेल शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाने पहुंचे। युवक की मौत के बाद ग्रामीणों में डेंगू को लेकर दहशत फैल गई है। इधर, बरई खुर्द गांव के चंद्र प्रकाश के युवा बेटे पिंटू को डेंगू होने की पुष्टि हुई है। उसे 13 सितंबर को बुखार आया था।
स्थानीय स्तर पर इलाज के बाद पिंटू बीमारी से उबरने के बाद 20 सितंबर को फिर बुखार से तपने लगा। जिसके बाद परिजनों ने उसका शहर में इलाज कराना शुरू किया। बुधवार को तेज बुखार आने के बाद परिजनोें ने शहर के एक पैथोलॉजी में जांच कराई तो युवक के डेंगू पाजिटिव होने की जानकारी हुई।
पिंटू के डेंगू ग्रसित होने का खुलासा होने के बाद न केवल भयभीत हो गए हैं बल्कि पड़ोसी भी सहम गए हैं। सीएमओ डॉ. विनय कुमार पांडेय का कहना है कि जिस पैथोलॉजी ने डेंगू की पुष्टि की है उसकी तरफ से कोई रिपोर्ट नहीं दी गई है, जबकि ऐसी रिपोर्ट नियमित दिया जाना अनिवार्य कर दिया गया है।
इस मामले में पैथोलॉजी से जवाब तलब किया जाएगा। पोलियो अभियान में स्वास्थ्य टीमों के व्यस्त होने की वजह से प्रभावित गांवों में टीमों को भेजने में दिक्कतें पैदा हो रही हैं।