भारत की सड़कें हुईं और जानलेवा
- फोटो : getty
कोतवाली क्षेत्र के सुजरही बिजली उपकेंद्र के पास जीटी रोड पर गुरुवार को एक ट्रक ने पीछे से कार में टक्कर मार दी। कार पलटने से एक युवक की मौत हो गई और छह लोग घायल हो गए। एक घायल की हालत गंभीर होने पर इलाहाबाद रिफर किया गया। अन्य घायलों को सीएचसी हरदों में इलाज कराकर भेज दिया गया।
कौशांबी जिले के सिराथू कस्बे से ननकी देवी के पुत्र लाला की बारात बुधवार को हथगाम आई थी। बारात विदा होने पर सुबह करीब आठ बजे कुछ लोग क्वालिस से वापस आ रहे थे। बिजली उपकेंद्र के पास एक ट्रक ने कार में पीछे से टक्कर मार दी, जिससे कार पलट गई। चीख-पुकार से अफरातफरी का माहौल हो गया।
राहगीर और आसपास के लोगों ने कार सीधी कर घायलों को बाहर निकाला। तब तक सिराथू कस्बा निवासी हुबलाल के बेटे विकास(18) की मौत हो चुकी थी। नथनलाल का 18 वर्षीय बेटा नीरज गंभीर रूप से घायल है। कार में बैठे सुधीर, शारदा, जयसिंह, पिंटू और सिरजा को भी घायल हालत में सीएचसी हरदों भेजा गया। नीरज की हालत गंभीर होने पर रेफर कर दिया गया। अन्य का इलाज कर घर भेज दिया गया।