मिचकी में आयोजित सपा के सम्मेलन में बोलते घाटमपुर विधायक इंद्रजीत कोरी।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
सपा के सदर विधानसभा क्षेत्र का कार्यकर्ता सम्मेलन मंगलवार को हंसवा ब्लाक की मिचकी ग्राम सभा में हुआ। मुख्य अतिथि घाटमपुर विधायक इंद्रजीत कोरी ने हर-हर मोदी, घर-घर खोदी का नारा देकर नोटबंदी के फैसली की आलोचना की।
विधायक ने कहा कि नोटबंदी ने गरीबों को और अधिक गरीब बना दिया है। घर में संकट के वक्त इस्तेमाल के लिए रखे जाने वाले रुपये निकलवाकर बैंक में डलवा दिए गए। अब वही गरीब अपना रुपया निकालने के लिए लाइन लगाने को मजबूर है। उन्होंने बसपा को पत्थरों के हाथी वाली पार्टी करार दिया। जहानाबाद विधायक मदन गोपाल वर्मा ने कहा कि अखिलेश यादव अब तक के सबसे सफल मुख्यमंत्री साबित हुए हैं। उन्होंने चुनावी घोषणा पत्र से अधिक कार्य कराए हैं।
जिलाध्यक्ष रामशरण यादव ने कहा कि नोटबंदी कर केंद्र सरकार ने उत्तर प्रदेश के विकास की गति रोकने की साजिश की थी, लेकिन वह सफल नहीं हो पाई। सदर प्रत्याशी चेयरमैन चंद्रप्रकाश लोधी ने कहा कि उन्हें मौका मिला, तो अन्य क्षेत्रों की तरह यहां भी विकास की गंगा बहेगी। सम्मेलन की अध्यक्षता पुत्तन उर्फ देवेंद्र लोधी एवं संचालन कपिल यादव ने किया। इस मौके पर वीरेंद्र यादव, राफेराना, मंजर यार, केतकी सिंह, रीता प्रजापति, रवींद्र यादव, तनवीर हैदर, शकील अकबर, इंद्रसेन सिंह यादव, राजेंद्र यादव आदि मौजूद थे।