सादीपुर में चोरी के बाद बिखरा पड़ा सामान।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
शहर के सादीपुर इलाके में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी श्रीलाल के घर से चोर सोमवार की रात लाखों रुपये का माल समेट ले गए। पुलिस तहरीर लेकर मामले की छानबीन कर रही है।
सादीपुर निवासी श्रीलाल स्वास्थ्य विभाग में कर्मचारी हैं। उनके पिता और मां पुलिस लाइन जयराम नगर चौराहे के पास रहते हैं। मां की तबीयत खराब होने पर वह पत्नी उर्मिला के साथ शाम को पिता के घर गए थे। मंगलवार की सुबह लौटे। गेट का ताला खोलकर अंदर पहुंचे तो दोनों कमरों का ताला टूटा देख हैरान रह गए। कमरे के अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा था। बक्से और अलमारी के ताले टूटे थे। घटना की सूचना पर पुलिस पहुंची।
गृहस्वामिनी उर्मिला ने बताया कि बक्से का ताला तोड़कर चोर उसमें रखी सोने की चेन एक तोला, कान के झुमके आधा तोला, कान के टॉप्स आधा तोला, एक तोला सोने का मंगलसूत्र, सोने की दो अंगूठी, बेसर, तोड़िया, हाफपेटी और 60 हजार रुपये नकदी, पांच हजार रुपये कीमत के चांदी के सिक्के चोरी कर ले गए हैं। कोतवाल महेश पांडेय ने बताया कि चौकी पुलिस को मौके पर जांच के लिए भेजा है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जाएगी।