धाता। कस्बे से महेवाघाट कौशाम्बी सवारियां लेकर जा रही बस सोमवार दोपहर अनियंत्रित होकर खंती में गिर गई। हादसे के दौरान बस में चीख-पुकार मच गई। अफरातफरी के बीच एक-दूसरे पर गिरने से पांच यात्री घायल हो गए। पुलिस और ग्रामीणों ने राहत कार्य कर घायलों को सीएचसी भिजवाया।
हादसा थाना क्षेत्र के नरसिंहपुर कबरहा गांव स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर के पास हुआ। यात्रियों के अनुसार सामने से वाहन आने पर बस चालक ने वाहन को कच्ची पटरी पर उतार दिया। पटरी पर उतरते ही बस अनियंत्रित होकर खंती में चली गई। बस में लगभग 25 से 30 सवारियां थीं। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बस में फंसे लोगों को बाहर निकाला।
हादसे में धाता निवासी धनपत देवी, चित्रकूट जिले के खोपां गांव निवासी कविता देवी, रंगोलीपुर निवासी जितेंद्र, सेमरी गांव निवासी पुष्पा देवी और कल्लू घायल हो गए। एंबुलेंस से सभी घायलों को सीएचसी भेजा गया। अन्य यात्रियों को दूसरी बस से गंतव्य के लिए रवाना किया गया।
ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क किनारे नाली निर्माण के दौरान निकाली गई मिट्टी पटरी पर पड़ी थी। इससे बस असंतुलित हो गई। थानाध्यक्ष अरविंद राय ने बताया कि घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया है।
बाइकों की भिड़ंत में चार घायल
बिंदकी के कल्यानपुर थाना क्षेत्र के रजीपुर गांव के पास सोमवार शाम बाइकों में भिड़ंत हो गई। हादसे में चार लोग घायल हुए। कल्यानपुर थाना क्षेत्र के दादनखेड़ा गांव निवासी अवधेश (26), सोनेलाल (25) दीपू (25) सेलावन गांव से टाइल्स कारीगर हैं। वह एक बाइक से गांव लौट रहे थे। उधर, बिंदकी के लाहौरी गांव निवासी हिमांशु (20) बाइक से मुगलरोड जा रहा था। रजीपुर गांव के पास बाइकों की भिड़ंत में चारों घायल हो गए। सीएचसी में डॉक्टर ने अवधेश, सोनेलाल और हिमांशु की हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर किया है। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे।
फोटो-32-खंती में घुसी बस। संवाद