फोटो फाइल-06-सुरेश कुमार। स्रोत: परिजन
खागा। कोतवाली क्षेत्र के मुसवापुर स्थित तालाब में शुक्रवार शाम डूबे पल्लेदार का शव रात करीब एक बजे पड़ोसी युवक की मशक्कत के बाद निकाला जा सका। इस दौरान दमकलकर्मी और पुलिस नाव में बैठकर घंटों खोजबीन करती रही।
क्षेत्र के गांधी पार्क निवासी सुरेश कुमार उर्फ बंटा (50) पल्लेदारी करता था। पत्नी रेखा ने बताया कि सुरेश शुक्रवार को मंडी से काम करने के बाद घर लौटे थे और शाम को सब्जी लेने की बात कहकर घर से निकले थे। इसी दौरान वह मुसवापुर स्थित तालाब में नहाने चले गए और डूब गए। आसपास के लोगों ने उन्हें डूबते देख शोर मचाया।
परिजन मौके पर पहुंचे। इसके बाद दमकल कर्मी और पुलिस ने जाल व कांटा डालकर कई घंटे तक खोजबीन की लेकिन सफलता नहीं मिली। तभी मोहल्ले का लोडर चालक लंबू देर रात मौके पर पहुंचा और तालाब में कूद गया। खोजबीन के दौरान रात करीब एक बजे उसने झाड़ी में फंसा सुरेश का शव बाहर निकाला। कोतवाल संजय पांडेय ने बताया कि पल्लेदार का शव तालाब से निकाल लिया गया है।
फोटो फाइल-06-सुरेश कुमार। स्रोत: परिजन