अमौली। चांदपुर थाना क्षेत्र के छेद्दू का डेरा मजरे सरहन बुजुर्ग गांव के बाहर मंगलवार सुबह नशे के लती युवक का शव फंदे से लटकता मिला। फॉरेंसिक टीम की जांच के बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
जहानाबाद के बचनीपुर निवासी इंद्रजीत निषाद (35) नशे का लती था। चाचा छोटेलाल के अनुसार, वह अपनी बड़ी बहन मंजू पत्नी रामचंद्र निषाद के घर छेद्दू का डेरा गांव में एक सप्ताह पूर्व आया था। वह सोमवार रात बहन के घर नहीं पहुंचा। उसकी बहन-बहनोई खोजबीन करते रहे। कोई पता नहीं लगने पर घर में फोन कॉल कर पूछताछ की थी। ग्रामीणों ने मंगलवार सुबह इंद्रजीत को साड़ी के फंदे से पेड़ पर लटकता देखा। परिजन ने पुलिस को सूचना दी। वह चार बहनों के बीच इकलौता भाई था। दूसरी बहन संजू भी इसी गांव में राम प्रसाद के यहां ब्याही है। इकलौते पुत्र की मौत से मां रामसखी व पिता गजराज का हाल बेहाल दिखा। थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार मौर्या ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजन के अनुसार नशेबाजी के चलते युवक ने आत्महत्या की है।