ललौली/फतेहपुर। बांदा-टांडा हाईवे पर बाइकों की भिड़ंत में शुक्रवार रात हुए हादसे में चौथे युवक की कानपुर ले जाते समय मौत हो गई। हादसे के बाद युवक की ट्रक की चपेट में आने से जान गई है। घटनास्थल पर तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई थी। शनिवार को जब एक साथ तीन दोस्तों की अर्थियां उठीं तो सभी की आंखें नम हो गईं। ग्रामीण यही कहते दिखे कि सभी साथ जीने और मरने की बात करते थे और देखो आज तीनों दोस्त एक साथ दुनिया को अलविदा कहकर जा रहे हैं।
बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के दुगरेई गांव के गजराज पाल उर्फ पिंटू (30) ललौली थाने के सिंधाव गांव मौसेरी बहन नेहा की शादी में गए थे। बाइक से सिधांव गांव के उमेश पाल (25), आकाश यादव (25), सौरभ द्विवेदी (18) भी बरात में शामिल थे।
वे सभी रात को मेवली मोड़ पर सड़क हादसे का शिकार हुए। हादसे में गजराज पाल उर्फ पिंटू और सौरभ द्विवेदी मौके पर मौत हो गई थी। इसमें सौरभ ट्रक की चपेट में भी आया था। घायल आकाश यादव की गाजीपुर सीएचसी में मौत हो गई।
घायल उमेश पाल को जिला अस्पताल से कानपुर रेफर किया गया। कानपुर लेकर जाते रास्ते में उमेश पाल ने भी दम तोड़ दिया। परिजन ने उमेश, सौरभ और आकाश दोस्त थे। तीनों गुजरात में प्राइवेट नौकरी करते थे। वह शादी में शामिल होने गांव आए थे।
रिश्ते में नेहा का उमेश भाई था। पुलिस बाइकों के टकराने के बाद हादसा होना मान रही है। परिजन के अनुसार चारों बाइकों से बहुआ से लौट रहे थे। किसी वाहन को ओवरटेक करते समय बाइकें अनियंत्रित होकर टकराई। इसी दौरान गुजरे किसी वाहन ने भी बाइक सवारों को चपेट में ले लिया।
सीओ प्रगति यादव ने बताया कि आसपास के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज की जांच की जा रही है। जांच के बाद हादसे की स्थित साफ होगी। प्रथम दृष्टया हादसा बाइकों के टकराने के बाद हुआ है।