औंग(फतेहपुर)। सब्जी विक्रेता हत्याकांड में शूटरों को लोकेशन देने वाले फरार आरोपी को रविवार सुबह पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी अपनी शादी में शामिल होने आया था। पुलिस ने आरोपी को जेल भेजा है।
थाना क्षेत्र के बड़ाहार निवासी सर्वेश कश्यप सब्जी विक्रेता था। वह 12 मार्च की रात बड़े भाई गोविंद के साथ दुकान से घर जा रहा था। बड़ा भाई बाइक चला रहा था। वह पीछे बैठा था। पीछे से आए बाइक सवार दो युवकों ने सर्वेश की कमर में सटाकर गोली मारी थी। कानपुर हैलट में 14 मार्च को इलाज के दौरान सर्वेश की मौत हो गई थी। हत्याकांड में पुलिस ने कानपुर महाराजपुर खोजउपुर निवासी अभयराज यादव और औंग के गंगचौली निवासी साजन पासवान को गिरफ्तार किया था। अभयराज की ससुराल सर्वेश के गांव में थी। ससुराल पक्ष की एक महिला से अवैध संबंध के शक में अभयराज ने हत्याकांड को अंजाम दिया था। साजन को बाइक चलाने के लिए अभयराज घुमाने का झांसा देकर ले गया था। पुलिस ने दोनों को जेल भेजा था। हत्याकांड में अभयराज का बड़ाहार निवासी चचेरा साला जितेंद्र उर्फ मुत्तू फरार हो गया था। पुलिस की जांच में सामने आया था कि जितेंद्र ने ही अभयराज को अवैध संबंधों की जानकारी दी थी। इसके बाद हत्याकांड में जितेंद्र ने ही सर्वेश और उसकी दुकान की पहचान अभयराज को कराई थी। हत्याकांड को अंजाम देने के समय भी जितेंद्र ने ही सर्वेश की पल-पल की लोकेशन दी थी। बताया जा रहा है कि आरोपी हत्याकांड के बाद दूसरे प्रांत भाग निकला था। वह 22 मई को होनी वाली अपनी शादी में आया था। थानाध्यक्ष हनुमान प्रताप सिंह ने बताया कि आरोपी को बड़ाहार गांव से गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। घटना में मुख्य आरोपियों का जितेंद्र सहयोगी था।