बहुआ (फतेहपुर)। किशोरी पर धर्म परिवर्तन और निकाह का दबाव बनाने के बाद युवक ने दुष्कर्म किया। शिकायत करने पर बुजुर्ग और एक आंख से नेत्रहीन पिता व मां को जान से मारने की धमकी दी। सीओ ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है।
ललौली थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 17 वर्षीय किशोरी अनुसूचित जाति की है। उसने शनिवार को पुलिस को बताया कि गांव का रहने वाला शोएब खान अक्सर छेड़छाड़ और अश्लील हरकत करता था। वह बुजुर्ग पिता और मां की लाचारी की वजह से सबकुछ बर्दाश्त करती रही। 25 अगस्त को शाम सात बजे बाग गई थी।
आरोप है कि शोएब खान उसे रोककर धर्म परिवर्तन और निकाह का दबाव बनाने लगा। विरोध पर बाग में घसीट ले गया और दुष्कर्म किया। घर आकर परिजन से पूरी बात बताई। पिता शोएब के घर गए। शोएब के पिता नफीस खान और मां ने पिता को जान से मारने की धमकी देकर भगा दिया।
बताया जा रहा है कि शोएब खान का परिवार प्रभावशाली है। गांव में उसके समाज के कई परिवार हैं। इस डर से कोई शिकायत नहीं करता है। प्रभारी निरीक्षक शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि रविवार को एससी-एसटी, दुष्कर्म, धमकी, गाली-गलौज की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। सीओ दुर्गेशदीप ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है। किशोरी को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है।