फाइल फोटो-35-लक्ष्मी। स्रोत परिजन
हुसैनगंज। थाना क्षेत्र में शनिवार को तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बाइक से गिरी 15 वर्षीय किशोरी की कुचलकर मौत हो गई। बाइक चला रहे उसके मौसा घायल हो गए। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर भाग गया। पुलिस वाहन की तलाश में जुटी है।
थाना क्षेत्र के फिरोजपुर भखुआ चौराहा निवासी महावीर उर्फ कल्लू निषाद की पुत्री लक्ष्मी अपने मौसा रामखेलावन के साथ बाइक से उनके गांव गोविंदपुर थाना कल्यानपुर जा रही थी। डलमऊ रोड स्थित लालीपुर ईंट भट्ठा के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही लक्ष्मी उछलकर फुटपाथ पर गिरी और ट्रक उसे कुचलते हुए हुसैनगंज की ओर भाग निकला।
हादसा देख आसपास के लोग मौके पर पहुंचे लेकिन तब तक किशोरी की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने घायल मौसा को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। परिजनों के अनुसार लक्ष्मी मौसेरे भाई अरुण की 10 मार्च को होने वाली शादी में शामिल होने जा रही थी। घटना से भाई मुकेश और मां मूधा देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रभारी निरीक्षक आलोक पांडेय ने बताया कि ट्रक चालक की तलाश की जा रही है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
बाइकों की भिड़ंत में छात्र समेत चार घायल
जाफरगंज में बाइकों की भिड़ंत में छात्र समेत चार लोग शनिवार को घायल हो गए। थाना क्षेत्र के रायपुर निवासी वीरचंद्र, महादेवनपुर गांव निवासी साथी अशोक पाल के साथ मऊदेव चौराहे से घर बाइक से लौट रहे थे। उधर बरवा गांव निवासी निवासी हितेश बाइक से ककरैहा निवासी मौसेरे भाई कुलदीप के साथ बकेवर जा रहे थे। जोनिहा-अमौली मार्ग पर शुक्लनपुर गांव के पास बाइकों में भिडंत में चारों घायल हो गए। घायलों को सीएचसी से डाॅक्टर ने कानपुर रेफर किया।
फाइल फोटो-35-लक्ष्मी। स्रोत परिजन