फतेहपुर। गाजीपुर थाना क्षेत्र के शाह कस्बे में गुरुवार को एक किशोर के तालाब में डूबने की फर्जी सूचना से पुलिस व दमकल टीम के पसीने छूट गए। मासूम ने मां को तालाब किनारे खेल रहे भाई की डूबने की सूचना दी। पुलिस और दमकल की टीम बालक को तलाशती रही, करीब एक घंटे बाद बालक बाग से टहलते हुए तालाब किनारे वापस आ गया।
चांदपुर थाना क्षेत्र के गांव सठगंवा निवासी राजेश कोरी करीब एक माह से शाह कस्बे में एक धर्मशाला में परिवार सहित रहता है। उसका पुत्र रंजीत (6) सुबह पड़ोस के बच्चों व छोटी बहन लक्ष्मी के साथ गांव के समीप बांदा सागर हाईवे किनारे स्थित पासिन तालाब के किनारे खेलने गए थे। मां खेत में गई थी। मां काजल खेत से लौटने के बाद बच्चों को खोजते हुए तालाब के पास पहुंची। बेटी लक्ष्मी ने रोते हुए बताया कि भाई की तालाब में डूब गया है। सूचना पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। लोगों की सूचना पर पुलिस फोर्स व दमकल विभाग मौके पर पहुंचा। तालाब में एक घंटे तक खोजबीन करते रहे। इसी बीच रंजीत एक बाग से टहलते हुए आया। बताया कि वह बाग में आम तोड़ने गया था। इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली। (संवाद)