किशनपुर। विजयीपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत महावतपुर असहट स्थित प्राथमिक विद्यालय में तैनात शिक्षक पर छात्रा को पीटने का आरोप लगा है। बच्ची के पिता ने मामले की शिकायत पुलिस से कर कार्रवाई की मांग की है।
महावतपुर असहट गांव निवासी सरवन सोनकर ने आरोप लगाया कि बेटी अंशिका देवी (6) गांव के प्राथमिक विद्यालय में पढ़ती है। बृहस्पतिवार सुबह वह स्कूल गई थी। पढ़ाई के दौरान शिक्षक एस पटेल बच्ची से गिनती लिखवा रहे थे।
आरोप है कि गिनती लिखने में गलती होने पर शिक्षक ने बच्ची की पिटाई कर दी। पिता का आरोप है कि शिक्षक ने बच्ची के हाथ में पेन की रिफिल भी घुसेड़ दी। रोती हुई घर पहुंची अंशिका ने परिजन को पूरी घटना बताई। इसके बाद पिता ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
खंड शिक्षा अधिकारी रजनीश श्रीवास्तव ने बताया कि मामला संज्ञान में नहीं है। जांच कराई जाएगी और दोषी पाए जाने पर कार्रवाई होगी। थानाध्यक्ष किशनपुर मनीष सिंह ने बताया कि प्रार्थना पत्र मिला है। मामले की जांच की जा रही है।