फतेहपुर। मुकद्दस रमजान का चांद नजर आते ही मुस्लिम समाज में खुशी की लहर दौड़ गई। बुधवार की शाम ईशा की नमाज के बाद मस्जिदों में तरावीह की नमाज अदा की गई और रमजान उल मुबारक में इबादत का सिलसिला शुरू हो गया। महिलाएं और बच्चे घरों की छतों पर चांद का दीदार करने पहुंचे। चांद दिखाई देने के बाद लोग एक-दूसरे को मुबारकबाद देने लगे और मोबाइल व मैसेज के जरिये चांद की आमद की बधाई दी।
मुस्लिम उलेमाओं ने चांद दिखाई जाने और रमजान की शुरुआत का ऐलान मस्जिदों से किया। उन्होंने रोजेदारों से रमजान में रोजे का एहतराम करने, गलत कामों से बचने और दूसरों की बुराई न सुनने व न करने की ताकीद की। उलेमाओं ने कहा कि रोजा सिर्फ भूखे और प्यासे रहने का नाम नहीं है, बल्कि नेकी और इबादत का अवसर है।
चांद का दीदार होते ही शहर की तकिया चांद शाह मस्जिद, किसान टोला मस्जिद, बंदगी मियां मस्जिद, जामा मस्जिद कोतवाली, ऊंची मस्जिद, लालाबाजार, रजा जामा मस्जिद समेत बहुआ, ललौली, गाजीपुर, शाह, बिंदकी, जहानाबाद, खागा, किशनपुर, हथगाम और हुसैनगंज की मस्जिदों में ईशा के बाद नमाज ए तरावीह पढ़ाई गई। शहर काजी कारी फरीदुद्दीन कादरी ने बताया कि रमजान उल मुबारक के चांद का दीदार हो गया है और मस्जिदों में इबादत का दौर शुरू हो चुका है।