फतेहपुर। कल्यानपुर थाना क्षेत्र के मौहार गांव में कपड़े में लिपटी वस्तु को शव समझकर युवक ने डायल 112 पर सूचना दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने चादर हटाई तो अंदर फोम का गद्दा निकला। झूठी सूचना देने के आरोप में युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
मौहार गांव निवासी धर्मेंद्र सिंह ने मंगलवार शाम करीब साढ़े सात बजे निचली रामगंगा नहर महरहा माइनर की झाड़ियों में शव फंसा होने की सूचना दी थी। सूचना मिलते ही चौडगरा चौकी और थाना पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों ने बताया कि करीब चार दिन से नहर किनारे चादर में भारी सामान लिपटा पड़ा था लेकिन दुर्गंध न आने के कारण किसी ने पुलिस को सूचना नहीं दी।
पुलिस ने ग्रामीणों की मौजूदगी में वीडियोग्राफी कराते हुए चादर हटाई जिसमें गद्दा मिला। थानाध्यक्ष सुमित देव पांडेय ने बताया कि बिना पुष्टि के भ्रामक सूचना देने और सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में धर्मेंद्र के खिलाफ प्राथमिक दर्ज की गई है। उनके अनुसार युवक ने नशे की हालत में जानबूझकर गलत सूचना दी थी।