सड़क हादसे में जान गंवाने वाले बबलू सिंह की फाइल फोटो ।
- फोटो : FATEHPUR
खागा(फतेहपुर)। बिना हेलमेट बाइक चलाना एक युवक की जिंदगी पर भारी पड़ गया। कंटेनर की टक्कर से बाइक सवार सड़क पर गिरा और एक पत्थर सिर पर लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे हरदो सीएचसी और फिर जिला अस्पताल लाया गया लेकिन बचाया नहीं जा सका। पुलिस ने हादसा करने वाले कंटेनर को चालक समेत कब्जे में ले लिया है।
कोतवाली के माघी की अड़ार मजरे कटोघन गांव के निवासी राजा सिंह का बेटा बबलू सिंह (40) कटोघन टोल प्लाजा में सुरक्षा गार्ड था। मंगलवार रात नौ बजे बबलू, पुरइन चौराहे से सब्जी लेकर टोल प्लाजा की ओर आ रहा था। टोल के नजदीक पहुंचते ही पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार कंटेनर ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे वह गिर पड़ा और सड़क पर पड़ा पत्थर सिर पर लगने के कारण बबलू गंभीर रूप से घायल हो गया। सदर अस्पताल में उसकी मौत हो गई।
खागा कोतवाल आरके सिंह ने बताया कि बबलू के सिर में पत्थर लगने से खून ज्यादा बह गया। बाइक चालक यदि हेलमेट लगाए होता तो शायद उसकी जान बच जाती।