फतेहपुर। बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के जिगनी गांव निवासी रिजवान के खाते से युवकों ने डेबिट कार्ड बदलकर 2.45 लाख रुपये निकाल लिए।
जिगनी गांव निवासी रिजवान ने बताया कि वह शनिवार सुबह बैंक ऑफ बड़ौदा के एटीएम बूथ पर रुपये निकालने गया था। तभी पीछे खड़े दो युवकों ने मदद के बहाने उसका डेबिट कार्ड लेकर एटीएम चलाने का तरीका बताया और धोखे से कार्ड बदल दिया।
रुपये न निकलने पर वह घर लौट आया। कुछ देर बाद उसे कार्ड बदला होने की जानकारी हुई। इसके बाद मोबाइल पर खाते से लगातार रकम निकाले जाने के संदेश आने लगे।
बैंक पहुंचने पर पता चला कि खाते से कुल 2.45 लाख रुपये निकाले जा चुके हैं। कोतवाल शैलेष सिंह ने बताया कि आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आरोपियों की तलाश की जा रही है।