औंग। रामपुर-गोधरौली गांव के बीच रेलवे लाइन पर एक युवक का क्षत-विक्षत शव मिला। औंग पुलिस ने शव की पहचान कराकर परिजनों को खबर दी। पुलिस के अनुसार युवक ने खुदकुशी की है।
मंगलवार सुबह करीब 10 बजे लोगों ने रेलवे लाइन पर एक युवक की लाश देखी। शव दो हिस्सों में बटा हुआ था। कुछ ही देर में मौके पर भीड़ जमा हो गई। नई रेलवे लाइन का निर्माण कर रही कंपनी के कर्मचारी धीरेंद्र कुमार ने पुलिस को सूचना दी। औंग थाना पुलिस को युवक की जेब से उसका मोबाइल और ग्राम प्रधान द्वारा जारी निवास प्रमाणपत्र मिला। पुलिस ने फोन की मदद से युवक की पहचान रामबाबू (26) निवासी बारा थाना जाफरगंज के रूप में हुई।
परिजनों ने बताया कि वह मौसी के घर जाने की बात कहकर अभयपुर गांव थाना औंग के लिए निकला था। वह रेलवे लाइन किनारे कैसे पहुंचा, जानकारी नहीं है। इंस्पेक्टर औंग अनूप सिंह ने बताया कि घटना की जांच के बाद मामला खुदकुशी का लग रहा है। शव, पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।