फोटो-09- सेंट जेवियर्स हाईस्कूल में प्रधानाचार्य को पंफलेट प्रदान करते साइबर सेल प्रभारी। स्रोत
फतेहपुर। शहर के सेंट जेवियर्स हाईस्कूल में शनिवार को साइबर सुरक्षा संवाद कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें कक्षा छह से 12 तक के विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव और इंटरनेट के सुरक्षित इस्तेमाल की जानकारी दी गई।
साइबर सेल प्रभारी प्रभांशु शुक्ला ने ऑनलाइन धोखाधड़ी, सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल, फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक और निजी जानकारी की सुरक्षा के बारे में बताया। उन्होंने विद्यार्थियों को ओटीपी, पासवर्ड या बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करने की सलाह दी।
संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें। ऑनलाइन ठगी की आशंका पर तत्काल अभिभावकों को सूचित करें। प्रधानाचार्य स्टेनली एन्थोनी ने डिजिटल दौर में साइबर सुरक्षा जागरूकता को आवश्यक बताया। उन्होंने इंटरनेट का सावधानी और जिम्मेदारी से इस्तेमाल करने पर जोर दिया। कार्यक्रम में साइबर सेल के एसआई रवि सिंह, एसआई शिवम कनौजिया और आरक्षी शुभेंदु रंजन सहित शिक्षक मौजूद रहे।