हुसैनगंज। स्टार्टर में आ रहे करंट की चपेट में आने से बुधवार भोर छात्र की मौके पर मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
थाना क्षेत्र के बरौहां गांव निवासी राजेश उर्फ राजिस यादव के खेत हथगाम थाना के चंदईपुर गांव किनारे हैं। राजेश खेत के सिंचाई को चंदईपुर गांव के पुरुषोत्तम दुबे के नलकूप से पानी लगाते हैं। राजेश अपने पुत्र प्रदीप कुमार (17) के साथ खेत पर रात को पानी लगाए थे। बुधवार भोर करीब चार बजे पिता ने प्रदीप को पानी बंद करने के लिए भेजा।
स्टार्टर बंद करते समय छात्र की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। पिता ने बताया कि बेटे के नहीं लौटने पर करीब आधे घंटे बाद नलकूप पहुंचे। करंट स्टार्टर की सुरक्षा में लगे लोहे के बॉक्स में आया था। बॉक्स खोलते ही बेटे की मौके पर मौत हो गई। प्रदीप चार बहनों के बीच इकलौता भाई था।
वह हुसैनगंज के जेडी इंटर कालेज में कक्षा 11 का छात्र था। इकलौते बेटे की मौत से मां सुनीता और बहन पारुल,गौरी,रिया,देवकी का हाल बेहाल हो गया। हथगाम थाने से छिवलहा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष निकेत भरद्वाज ने बताया कि पोस्टमार्टम के लिए शव भेजा गया है।