खागा में हाईवे पर ब्रेक मारते ही बाइक सवार युवती नीचे आ गिरी और तभी वहां से गुजर रहे ट्रेलर ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में किशोरी की मौत हो गई। चालक ट्रेलर छोड़कर भाग गया। पुलिस ने ट्रेलर को पकड़ा है और चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के धेउली गांव की रहने वाली मोनी (15) पुत्री रामसजीवन विश्वकर्मा भाई शिवकुमार उर्फ भूरा (23) के साथ बाइक से गुरुवार सुबह कड़ाधाम जिला कौशांबी जा रही थी। भाई शिवकुमार ने बताया कि संवत गांव मोड़ पर उसने ट्रेलर को ओवरटेक किया तो आगे एक और बाइक सवार था।
बाइक सवार ने अचानक ब्रेक लगा दिया। तभी झटका लगने से मोनी बाइक से हाईवे पर गिरी। ट्रेलर के पहिए से जा टकराई। महिचा मंदिर चौकी इंचार्ज विवेक सिंह किशोरी को जीप से हरदो अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर ने मोनी को मृत घोषित कर दिया। मोनी कक्षा नौ की छात्रा थी। तबीयत खराब होने पर झाड़फूंक के लिए उसे कौशांबी ले जा रहे थे।